नाबालिग छात्रा से छेड़खानी, दूध विक्रेता गिरफ्तार

हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा से छेड़खानी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की माता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया. जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, बजरीवाला निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री को एक युवक पिछले 5-6 दिनों से लगातार परेशान कर रहा था और उसके साथ छेड़खानी कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत प्राथमिकी दर्ज की।
कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान रियाज, निवासी गुर्जर बस्ती पदार्था थाना पथरी, हाल निवासी बजरीवाला (कनखल) के रूप में हुई है।
एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।