मौसमी बीमारियों को लेकर कांग्रेस ने स्वास्थ्य मंत्री से की अस्पतालों में तैयारियां बढ़ाने की मांग

देहरादून। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात कर जनस्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने मौसमी और संक्रामक बीमारियों के बढ़ते मामलों को देखते हुए अस्पतालों में तैयारियां तेज करने और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पतालों में समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि दून राज्य का प्रमुख रेफरल सेंटर होने के कारण दून मेडिकल अस्पताल, जिला कोरोनेशन अस्पताल, गांधी शताब्दी अस्पताल समेत आसपास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। दून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी, टिहरी और नैनीताल में डेंगू, स्वाइन फ्लू, कोरोना और वायरल संक्रमण के मामलों को देखते हुए नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के संयुक्त अभियान चलाने की मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने घनी आबादी और जलभराव वाले क्षेत्रों में नियमित फॉगिंग, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और जागरूकता अभियान तेज करने की मांग की। सरकारी अस्पतालों में मौसमी बीमारियों के लिए समर्पित आइसोलेशन वार्ड, अतिरिक्त बेड, पर्याप्त दवाएं और जांच किट उपलब्ध कराने का भी सुझाव दिया गया।

इसके अलावा स्वाइन फ्लू और कोरोना की निशुल्क जांच, निजी लैब में जांच की दरें निर्धारित करने तथा डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और लैब तकनीशियनों के रिक्त पदों पर तत्काल नियुक्ति की मांग उठाई गई। स्वास्थ्य मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी अस्पतालों में विशेष प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक राजकुमार, प्रदेश महामंत्री वीरेंद्र पोखरियाल, राजीव पुंज, रमेश कुमार मंगू और देवेंद्र पाल सिंह शामिल रहे।