कलियर पुलिस ने 18.50 ग्राम स्मैक के साथ युवक को दबोचा, एनडीपीएस एक्ट में भेजा जेल

पिरान कलियर। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कलियर पुलिस ने 18.50 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

कोतवाली प्रभारी एवं क्षेत्राधिकारी दिव्येश उपाध्याय ने बताया कि रविवार को इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी शहजाद अली पुलिस टीम के साथ अब्दाल शाह रोड, इमलीखेड़ा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ा एक युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 18.50 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 4.62 लाख रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अंकुश (22) पुत्र फकीरचंद निवासी पीरपुरा, थाना मंगलौर बताया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह स्मैक की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर नशे के आदी लोगों को बेचता था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

सीओ दिव्येश उपाध्याय ने कहा कि क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से भी नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करने की अपील की।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी शहजाद अली, एसआई विनोद कुमार गोला, हेड कांस्टेबल इसरार अली, सोनू चौधरी, संजय रावत एवं आबिद अली शामिल रहे।