


पिरान कलियर में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कलियर पुलिस ने एक युवक को 5.85 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआई विनोद कुमार गोला अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकर्रबपुर स्थित सरकारी स्कूल के पीछे एक युवक स्मैक बेचने की फिराक में खड़ा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसकी जेब से 5.85 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम वसीम पुत्र रहीश निवासी वार्ड नंबर 4, पिरान कलियर बताया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह स्मैक लंढौरा-मंगलौर क्षेत्र से खरीदकर लाया था और उसे ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बना रहा था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी वाहन चोरी और एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। अब पुलिस स्मैक सप्लाई करने वाले मुख्य तस्करों की तलाश में जुटी हुई है।
कार्रवाई करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, एसआई विनोद कुमार गोला, कांस्टेबल प्रकाश मनराल और होमगार्ड ललित कुमार शामिल रहे।
