जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी, आरोपी पति की तलाश

हरिद्वार। जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले फोन कर जेल में बंद महिला से मुलाकात को लेकर बातचीत की और बाद में व्हाट्सएप पर धमकी भरे संदेश भेजे। पुलिस ने जेल में निरुद्ध महिला बंदी के पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर की रात करीब 10:47 बजे वरिष्ठ जेल अधीक्षक के मोबाइल पर एक नंबर से कॉल आई। समय उचित नहीं होने की बात कहते हुए उन्होंने आरोपी से सुबह बात करने को कहा। आरोप है कि रात करीब 11:24 बजे उसी नंबर से व्हाट्सएप पर संदेश आया, जिसमें भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप, पंजाब से जुड़ा बताया। 12 सितंबर को आरोपी ने दोबारा कई बार कॉल की। कॉल रिसीव नहीं होने पर उसने व्हाट्सएप पर धमकी भरे संदेश भेजे। सुबह करीब 10:12 बजे फोन कर जेल में मुलाकात बंद करने और जेल प्रशासन को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का आरोप है।

महिला बंदी ने आवाज पहचानने का दावा किया

मामले की जानकारी के बाद जेल अधीक्षक ने कारागार में निरुद्ध विचाराधीन महिला बंदी शीला से पूछताछ की और उसे फोन पर हुई बातचीत सुनाई। महिला ने आवाज की पहचान करते हुए बताया कि धमकी देने वाला उसका पति हिमांशु चड्ढा है, जो लुधियाना का निवासी और वर्तमान में ऋषिकेश में रह रहा है। वह उससे मिलने जेल आता रहता था।

जेल प्रशासन ने ई-प्रिजन रिकॉर्ड की जांच की तो हिमांशु के पूर्व में जेल में निरुद्ध रहने की जानकारी सामने आई। रिकॉर्ड के अनुसार, वह जिला कारागार देहरादून में 12 अक्तूबर 2017 से एक दिसंबर 2019 तक बंद रहा था। इसके बाद उसे केंद्रीय कारागार सितारगंज स्थानांतरित किया गया, जहां से 13 दिसंबर 2022 को रिहा हुआ था।

सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मामले में सिडकुल थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।

जेल प्रशासन के मुताबिक, हरिपुर कलां, थाना रायवाला निवासी शीला दुष्कर्म-पोक्सो और अनैतिक देह व्यापार से जुड़े मामले में जेल में बंद है। आरोप है कि उसने डिप्टी जेलर के साथ अभद्रता की थी, जिसके बाद जेल अधीक्षक ने उसे समझाते हुए हिदायत दी थी। हाल ही में हिमांशु चड्ढा उससे मिलने जेल आया था। पुलिस को आशंका है कि मुलाकात के दौरान महिला ने जेल में हुई कार्रवाई के बारे में पति को बताया होगा, जिसके बाद उसने धमकी दी।