दिल्ली में आज भाजपा कोर कमेटी की अहम बैठक

देहरादून। आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी की कोर कमेटी की अहम बैठक बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित होगी। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होकर चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा करेंगे।

भाजपा पहले से ही विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी है, लेकिन दिल्ली में होने वाली इस बैठक में आगे की रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। बैठक के बाद संगठनात्मक बैठकों का दौर शुरू होगा, जिसमें विस्तारक योजना पर विशेष फोकस रहेगा। पार्टी का लक्ष्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और चुनावी रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करना है।

भाजपा ने जनप्रतिनिधियों के सम्मेलन की तैयारी भी शुरू कर दी है। पार्टी के पांचों लोकसभा सांसद अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों के विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा प्रदेशभर की सभी 70 विधानसभा सीटों पर ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से युवाओं को पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि दिल्ली में होने वाली कोर कमेटी की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बिंदुवार रणनीति तय की जाएगी। इसके बाद उस रणनीति को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए संगठन की अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि चुनावी तैयारियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।