

रुड़की:आसफ नगर गांव में भाजपा नेता एवं फोनिक्स यूनिवर्सिटी के चेयरमैन ई. चैरब जैन द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ उठाया। यह शिविर ई. चैरब जैन द्वारा आयोजित दसवां निशुल्क स्वास्थ्य कैंप रहा, जिससे क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिला।

शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मौजूद रही। इसमें नेत्र रोग, दंत रोग, बाल रोग एवं स्त्री रोग विशेषज्ञों द्वारा मरीजों की जांच की गई। साथ ही मोतियाबिंद की जांच एवं ऑपरेशन की सुविधा, ईसीजी, शुगर टेस्ट सहित अन्य आवश्यक जांचें भी पूरी तरह निशुल्क की गईं।
इसके अलावा जरूरतमंद लोगों को निशुल्क चश्मे और दवाइयों का भी वितरण किया गया, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली।
इस मौके पर ई. चैरब जैन ने कहा कि आसफ नगर गांव से उनका पुराना और गहरा लगाव रहा है और उन्हें यहां के लोगों का स्नेह एवं आशीर्वाद मिलता रहा है। उन्होंने बताया कि शिविर की तैयारियों के दौरान गांव के बुजुर्गों और ग्रामीणों का भरपूर सहयोग मिला।
उन्होंने आगे कहा कि यदि रुड़की की जनता उन्हें जनप्रतिनिधि चुनती है, तो क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ सभी जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
वहीं निर्दलीय चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी उनकी मां के समान है और वह पार्टी के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं तथा कभी भी विद्रोह नहीं करेंगे।
इस अवसर पर दीपक पांडे, मुकेश रावत, आकाश गौतम, चिराज शर्मा, गौरव शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
