


Dehradun : प्रदेश में सरकारी और निजी स्कूलों की समय सारणी में बदलाव किया गया है। नए आदेश के अनुसार गर्मियों में सभी स्कूल सुबह 7:45 बजे खुलेंगे और दोपहर 2:05 बजे छुट्टी होगी। वहीं सर्दियों में स्कूल सुबह 8:50 बजे खुलेंगे और 3:10 बजे बंद होंगे।
शिक्षा सचिव रविनाथ रामन द्वारा जारी आदेश में बताया गया कि गर्मियों में प्रार्थना सभा सुबह 7:45 से 8:05 बजे तक आयोजित होगी, जिसके बाद पहला पीरियड 8:05 से 8:45 बजे तक चलेगा। इसी तरह सर्दियों में प्रार्थना सभा सुबह 8:50 से 9:10 बजे तक होगी और निर्धारित समय पर कक्षाएं संचालित की जाएंगी।

सरकार का कहना है कि समय सारणी में केवल आंशिक संशोधन किया गया है और अन्य सभी नियम पहले की तरह लागू रहेंगे।
हालांकि, इस बदलाव को लेकर शिक्षकों में नाराजगी देखी जा रही है। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के प्रदेश संरक्षक सतीश घिल्डियाल ने कहा कि गर्मियों में स्कूल समय में एक घंटा पांच मिनट की अतिरिक्त वृद्धि की गई है, जो मैदानी जिलों के लिए उपयुक्त नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में बच्चों को कई किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल पहुंचना पड़ता है, ऐसे में नई समय सारणी बच्चों के हित में नहीं मानी जा सकती।
