
हरिद्वार। श्यामपुर थाना क्षेत्र में हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर मंगलवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में दादा-दादी और उनकी पांच वर्षीय पोती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस के अनुसार, श्यामपुर क्षेत्र के गाजीवाली गांव निवासी वीर सिंह अपनी पत्नी मंजू और पांच वर्षीय पोती शिव सिंह के साथ स्कूटी से हरिद्वार से अपने घर लौट रहे थे। देर रात कांगड़ी फ्लाईओवर के पास उनकी स्कूटी सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने तक तीनों की मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान वीर सिंह (53) पुत्र मोहर सिंह, मंजू (50) पत्नी वीर सिंह और शिव सिंह (5) पुत्र अनुज सिंह, निवासी ग्राम गाजीवाली, थाना श्यामपुर के रूप में हुई है।
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अंधेरा और सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। हादसे के बाद गाजीवाली गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
