

गजराज के पीछे दौड़ने से मची अफरातफरी, वनकर्मियों ने जंगल की ओर खदेड़ा; हाईवे पर लगा जाम
कोटद्वार। सिद्धबली मंदिर और लालपुल के बीच पौड़ी हाईवे पर सोमवार सुबह हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। अचानक हाईवे पर पहुंचे हाथियों को देखकर वाहन चालकों और राहगीरों में अफरातफरी मच गई। हाथियों ने वाहनों के पीछे दौड़ लगाई और इस दौरान तीन वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना सुबह करीब 7:45 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक हाथियों का झुंड सिद्धबली मंदिर रोड की ओर आ गया। हाथियों को देखकर लोग दहशत में आ गए और दोनों ओर से यातायात प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वनकर्मियों ने लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी और हाथियों को सड़क से हटाकर जंगल की ओर भेजने का प्रयास शुरू किया। हाथियों को खदेड़ने में वनकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद झुंड जंगल की ओर चला गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
हालांकि, बताया जा रहा है कि हाथी अभी भी घटनास्थल के आसपास मौजूद हैं और दोबारा हाईवे पर आने का प्रयास कर रहे हैं। इसके चलते वन विभाग की टीम मौके पर डटी हुई है।
शिक्षकों को भी हुई परेशानी
सुबह हाईवे पर हाथियों के पहुंचने से कोटद्वार से पर्वतीय क्षेत्रों के स्कूलों और कॉलेजों में जाने वाले शिक्षक भी प्रभावित हुए और उन्हें अपने गंतव्य के लिए देर से रवाना होना पड़ा।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटनाक्रम के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने हाथियों की गतिविधियों का वीडियो भी बनाया। सड़क पर हाथियों के झुंड और दोनों ओर लगी वाहनों की लंबी कतारों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
हाईवे और आबादी वाले क्षेत्र में हाथियों के पहुंचने से एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा सामने आया है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और हाथियों की आवाजाही वाले मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
