

तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच
बहादराबाद। डांडी गांव में क्रिकेट खेलने को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक पर हमला करने और तमंचे से फायरिंग करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इब्राहिमपुर निवासी तरुण शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार को वह डांडी गांव स्थित डायमंड क्रिकेट एकेडमी में क्रिकेट खेलने गया था। वहां किसी बात को लेकर उसकी दिनारपुर निवासी गुरप्रीत सिंह और डेरा कराल निवासी श्रवण सिंह से कहासुनी हो गई थी।
तरुण के अनुसार, 16 अगस्त की दोपहर करीब ढाई बजे वह किसी काम से डांडी से अलीपुर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में गुरप्रीत सिंह, श्रवण सिंह और दिनारपुर निवासी बंटी ने उसे रोक लिया। आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज करते हुए बेसबॉल बैट और लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया।
आरोप है कि इसी दौरान श्रवण सिंह ने तमंचे से तरुण पर फायर कर दिया। हालांकि, वह गोली की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। शोर सुनकर आसपास के लोगों को मौके की ओर आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।
क्षेत्राधिकारी संजय चौहान ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
