

उत्तराखंड में अंतरराष्ट्रीय आइस स्पोर्ट्स को मिलेगा बढ़ावा, बोले- खेल मित्रता और सद्भाव का माध्यम
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2026 के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने देश-विदेश से प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत किया और सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गौरव का विषय है कि प्रदेश को एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से उत्तराखंड की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शीतकालीन एवं आइस स्पोर्ट्स के अनुकूल गंतव्य के रूप में और मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि खेल दुनिया को जोड़ने का माध्यम हैं। इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजन विभिन्न देशों के बीच मित्रता, सद्भाव और खेल भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जीत और हार खेल के दो पहलू हैं, लेकिन वास्तविक सफलता खेल भावना, अनुशासन, समर्पण और कभी हार न मानने वाली दृढ़ इच्छाशक्ति में निहित है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के साथ खेल भावना की भी मिसाल पेश करेंगे। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी उत्तराखंड से शानदार अनुभव और मधुर स्मृतियां लेकर लौटेंगे।
खेल संस्कृति को मिल रहा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को लेकर सोच और वातावरण में व्यापक बदलाव आया है। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों ने देशभर में खेल संस्कृति को मजबूत किया है।
उन्होंने कहा कि आज भारतीय खिलाड़ी ओलंपिक, एशियन गेम्स और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसे आयोजनों से उत्तराखंड के युवा खिलाड़ियों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे।
