एनएच-58 पर सड़क के बीच खड़े बिजली के खंभे बने खतरा, हादसे की आशंका

मंगलौर: दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण और फ्लाईओवर निर्माण कार्य के बीच गुड़मंडी क्षेत्र में सड़क के बीच खड़े बिजली के खंभे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन गए हैं। स्थानीय लोगों ने इन खंभों को जल्द हटाने की मांग करते हुए किसी बड़े हादसे की आशंका जताई है।

क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण और फ्लाईओवर निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। निर्माण के दौरान गुड़मंडी के पास कई बिजली के पोल मुख्य मार्ग के बीच आ गए हैं। दिन में तो वाहन चालक इन्हें देख लेते हैं, लेकिन रात के समय पर्याप्त रोशनी न होने के कारण ये खंभे दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन वाहन इनके टकराने की घटनाएं सामने आ रही हैं।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस समस्या की जानकारी कई बार राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और विद्युत विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि दोनों विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर मामले से पल्ला झाड़ रहे हैं।

गुड़मंडी निवासी आदेश और विनोद ने बताया कि फ्लाईओवर निर्माण के कारण सड़क पहले ही संकरी हो चुकी है। ऐसे में बीच सड़क पर खड़े बिजली के खंभे किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल इन्हें हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थापित करने की मांग की।

इस संबंध में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने कहा कि मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली जाएगी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना होने से पहले प्रशासन को इस समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए।