बिजली चोरी रोकने को ट्रांसफार्मरों पर लगाए जा रहे डीटीआर मीटर

रुड़की। बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ऊर्जा निगम ने नई व्यवस्था लागू करनी शुरू कर दी है। अब घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति करने वाले वितरण ट्रांसफार्मरों पर डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर (डीटीआर) मीटर लगाए जा रहे हैं। इन मीटरों के माध्यम से प्रत्येक ट्रांसफार्मर से होने वाली बिजली खपत का सटीक रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा, जिससे चोरी की पहचान करना आसान होगा।

ऊर्जा निगम ने विद्युत उपखंड भट्टीपुर के अंतर्गत आने वाले गांवों में डीटीआर मीटर लगाने का अभियान तेज कर दिया है। उपखंड अधिकारी सचिन सचदेवा और अवर अभियंता पवन सक्सेना के नेतृत्व में विभागीय टीम ट्रांसफार्मरों पर मीटर स्थापित कर रही है। सुल्तानपुर, निहेंदपुर, टांडा महतौली, पंचवेली, टिक्कमपुर इस्माइलपुर, भोगपुर, शिवगढ़, फूलगढ़, दुर्गागढ़ और गोविंदगढ़ सहित कई गांवों में यह कार्य तेजी से चल रहा है।

अवर अभियंता पवन सक्सेना ने बताया कि डीटीआर मीटर लगने के बाद प्रत्येक ट्रांसफार्मर की वास्तविक बिजली खपत का रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा। यदि किसी क्षेत्र में उपभोक्ताओं की कुल खपत और ट्रांसफार्मर की खपत में अंतर पाया जाता है तो वहां विशेष जांच अभियान चलाकर बिजली चोरी का पता लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस नई व्यवस्था से बिजली चोरी पर रोक लगाने के साथ-साथ विद्युत वितरण प्रणाली अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और प्रभावी बनेगी।