

रुड़की:
नगर के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधीर चौधरी को उनके उत्कृष्ट चिकित्सा योगदान के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें देहरादून में आयोजित देवभूमि पीडियाट्रिक्स कांफ्रेंस (पेडिकॉन-26) के दौरान एम्स की डायरेक्टर डॉ. मीनू सिंह द्वारा प्रदान किया गया।

डॉ. चौधरी ने वर्ष 1982 में मेरठ मेडिकल कॉलेज से पीडियाट्रिक्स में एमडी की डिग्री प्राप्त की। वर्ष 2013 में वह एफआईएपी प्राप्त करने वाले उत्तराखंड के पहले बाल रोग विशेषज्ञ बने। उन्होंने इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स बोर्ड में पांच बार उत्तराखंड से सदस्य के रूप में सेवाएं दी हैं और प्रदेश के बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं।

डॉ. चौधरी 1985 से 1991 के बीच लीबिया के मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल, अल्जीबिल में पीडियाट्रिक्स विभाग के विभागाध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने रोटरी क्लब रुड़की में अध्यक्ष, असिस्टेंट गवर्नर सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर अनेक कार्यक्रम आयोजित किए।
वह अब तक 11 बार रोटरी इंटरनेशनल कन्वेंशन में भाग ले चुके हैं और दो वर्ष पूर्व रोटरी के मेडिकल मिशन के तहत मोजाम्बिक भी गए थे। वर्तमान में डॉ. चौधरी देहरादून रोड स्थित चिरंजीव चाइल्ड हॉस्पिटल का संचालन कर रहे हैं, जहां वे वर्षों से बच्चों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
इस अवसर पर डॉ. चौधरी ने कहा कि बच्चों में बढ़ रही नई बीमारियों को लेकर जागरूक रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों को सलाह दी कि बच्चों को जंक फूड और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से दूर रखें, ताकि उनका मानसिक और शारीरिक विकास संतुलित रूप से हो सके।

