चमोली में दर्दनाक सड़क हादसा, घेस मार्ग पर टैक्सी खाई में गिरी; चार लोगों की मौत, तीन घायल

चमोली। चमोली जिले के देवाल ब्लॉक में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घेस सड़क मार्ग पर एक टैक्सी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए देवाल अस्पताल भेजा जा रहा है। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके के लिए रवाना हो गई।

प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार घेस मार्ग पर सड़कें संकरी और संवेदनशील हैं, जिसके चलते यहां पूर्व में भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।