बम धमकी के बाद दून पुलिस हाई अलर्ट पर, जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान जारी

देहरादून। सोशल मीडिया के माध्यम से सभी थानों में बम धमाके किए जाने की धमकी मिलने के बाद देहरादून पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। देर रात और सुबह तड़के से सभी क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की आकस्मिक जांच कर रही हैं।

अभियान के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है तथा उनके पहचान और सत्यापन संबंधी दस्तावेजों की जांच भी की जा रही है। पुलिस विशेष रूप से अंतरराज्यीय और अंतर्जनपदीय सीमाओं के साथ-साथ आंतरिक मार्गों पर निगरानी बनाए हुए है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहन जांच का उद्देश्य किसी भी संभावित खतरे को समय रहते पहचानकर उसे निष्प्रभावी करना है। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए वरिष्ठ अधिकारी स्वयं अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर चेकिंग अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।