शिवपुरी में गंगा में डूबे युवक का शव चार दिन बाद बरामद

Rishikesh : शिवपुरी स्थित नमामि गंगे घाट पर गंगा में डूबे युवक का शव चार दिन बाद बुधवार को बरामद कर लिया गया। युवक 16 मई को स्नान के दौरान गंगा की तेज धारा में बह गया था।

घटना के बाद से एसडीआरएफ, जल पुलिस और 40वीं वाहिनी पीएसी आपदा राहत दल की संयुक्त टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई थी। राहत दलों ने गंगा नदी के संभावित क्षेत्रों में स्कूबा डाइविंग, राफ्ट और आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों की मदद से गहन सर्च अभियान चलाया।

बुधवार को 40वीं वाहिनी पीएसी आपदा राहत दल को गरुड़ चट्टी पुल के पास गंगा नदी में एक शव दिखाई दिया। इसके बाद टीम ने शव को बाहर निकाला।

एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि बरामद शव की पहचान वेद प्रकाश (24) निवासी चचियाबास, कोटकासिम, राजस्थान के रूप में हुई है।

घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।