


Nainital: भवाली-सेनिटोरियम रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। सेनेटोरियम-रातीघाट बायपास रोड पर ढैला गांव के समीप एक महिंद्रा कार अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांचों लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 2:15 बजे वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और एसएसबी की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। घंटों की मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया।
हादसे में मृतकों की पहचान भूपेंद्र सिंह चुफाल (48), उनकी पत्नी सीमा कैड़ा चुफाल (45), पुत्र वासु चुफाल (19) और पुत्री रवी चुफाल (12) के रूप में हुई है। मृतक एक ही परिवार के सदस्य बताए गए हैं। इसके अलावा कार चालक अनुज कुमार मिश्रा (34) निवासी अफसर नगर, आलम नगर, लखनऊ की भी हादसे में मौत हो गई।
घटना की सूचना पर नैनीताल पुलिस तुरंत सक्रिय हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया।
मौके पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चन्द्र, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल और प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
