


हरिद्वार। जिला महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार की ओर से देवपुरा चौक पर चंपावत में नाबालिग बच्ची के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने में हुई देरी को लेकर भाजपा सरकार का पुतला दहन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान अमन गर्ग और संतोष चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा देकर सत्ता में आई थी, लेकिन आज बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध सरकार की विफलता को दर्शाते हैं।

पूर्व विधायक रामयश सिंह और महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा ने कहा कि उत्तराखंड हिमालयी राज्यों में महिला अपराध के मामलों में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है, जो देवभूमि के लिए शर्मनाक स्थिति है।
वहीं वरिष्ठ नेता राजबीर सिंह और महेश प्रताप राणा ने आरोप लगाया कि महिला अपराधों में संलिप्त लोगों को सत्ता संरक्षण मिल रहा है, जो बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है।
जिला महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव और महिला कांग्रेस महानगर अध्यक्ष लता जोशी ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में अब तक कथित वीआईपी की गिरफ्तारी न होना सरकार पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि चंपावत में नाबालिग बच्ची के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने पूरे प्रदेश को शर्मसार कर दिया है।
प्रदर्शन के दौरान पार्षद हिमांशु गुप्ता, सोहित सेठी, अजय गिरी, रचना शर्मा, उत्कर्ष वालिया, मोहन सिंह राणा, पुनीत कुमार, अंजू द्विवेदी, नलिनी दीक्षित और जागरिया सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
