कोलकाता में ममता बनर्जी से मिले अखिलेश यादव, भाजपा पर साधा निशाना

कोलकाता। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी से मुलाकात की। इस दौरान टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी भी मौजूद रहे।

मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी से कहा, “दीदी आप हारी नहीं हैं।” वहीं अभिषेक बनर्जी ने अखिलेश यादव का गले मिलकर स्वागत किया।

मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा की आंखों में ममता बनर्जी इसलिए खटकती हैं क्योंकि वह आधी आबादी यानी महिलाओं का प्रतिनिधित्व करती हैं। उन्होंने भाजपा पर पुरुषवादी और सामंती सोच रखने का आरोप लगाया।

अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने चुनाव को बेहद करीब से देखा और जिस तरह की भाषा एवं रवैया भाजपा की ओर से अपनाया गया, वह हैरान करने वाला था। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में भाजपा ने जो किया, उसका ट्रायल पहले उत्तर प्रदेश में किया गया था।

उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्यशैली से अराजकता फैलती है। चुनाव के बाद सुरक्षा बलों की कई कंपनियां तैनात करने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में वे नजर नहीं आईं। अखिलेश ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश के उपचुनाव में भी फोर्स का इस्तेमाल कर लोगों को वोट डालने से रोका गया था।

सपा प्रमुख ने कहा कि बंगाल में लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की गई है। उनके बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।