


लखीमपुर खीरी। थाना भीरा क्षेत्र के मोहल्ला सलामत नगर भट्ठा में गली से बाइक निकालने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के पुत्र नौशाद के अनुसार छह मई की दोपहर करीब तीन बजे उनके पिता मौलाना चांद छाजू राम कॉलेज के पास टहल रहे थे। इसी दौरान गली से बाइक निकालने को लेकर उनके छोटे भाई शादाब अली और दूसरे पक्ष के बाबू, शाहरुख, रेहान, गामा तथा अफसाना पत्नी बाबू के बीच कहासुनी हो गई।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सभी आरोपियों ने मिलकर मौलाना चांद पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया। गंभीर अंदरूनी चोटें आने के बाद परिजन उन्हें आयुष्मान हॉस्पिटल ले गए, जहां गुरुवार सुबह करीब तीन बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बताया गया कि घटना के एक दिन पहले ही दूसरे पक्ष के बाबू की तहरीर पर मृतक के पुत्रों साजिद, लूका, नौशाद और नूर खां के खिलाफ भीरा थाने में मारपीट का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले की विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक अवनीश कुमार कर रहे हैं।
रोहित दुबे ने बताया कि मौलाना चांद की मौत के मामले में उनके पुत्र नौशाद की तहरीर पर बाबू, गामा, अफसाना और रेहान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।
घटना की सूचना मिलने पर रमेश चंद तिवारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
