

Dehradun: शहर में शुक्रवार रात नागरिक सुरक्षा तंत्र की तैयारी को परखने के लिए ब्लैकआउट मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी। रात 10 बजे से करीब आधे घंटे तक शहर के कई प्रमुख इलाकों में बिजली बंद रखी जाएगी और आपातकालीन सायरन बजाकर अलर्ट जारी किया जाएगा।

प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह मॉकड्रिल भारत सरकार के निर्देश पर कराई जा रही है, जिसका उद्देश्य आपदा या आपात स्थिति में तंत्र की तत्परता, समन्वय और प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करना है।

गुरुवार को इसकी तैयारियों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। तय कार्यक्रम के तहत आईएसबीटी, रायपुर, घंटाघर और आराघर क्षेत्रों में मॉकड्रिल का आयोजन किया जाएगा।
मॉकड्रिल के दौरान स्ट्रीट लाइट, पार्क और अन्य सार्वजनिक स्थानों की रोशनी अस्थायी रूप से बंद रखी जाएगी। वहीं, अभ्यास शुरू होने से पहले संबंधित क्षेत्रों में सायरन बजाकर लोगों को संकेत दिया जाएगा, ताकि वे सतर्क रह सकें और किसी प्रकार की घबराहट न हो।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यह केवल एक अभ्यास है, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है और सभी लोग प्रशासन का सहयोग करें।

