

गर्भवती नीलगाय जान बचाकर गांव की ओर भागी, ग्रामीणों ने कुत्तों को भगाया
बेहडेकी सैदाबाद। गांव के जंगल में सोमवार दोपहर आवारा कुत्तों के झुंड ने एक नीलगाय को घेरकर हमला कर दिया। कुत्तों ने नीलगाय को नोच-नोचकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जान बचाने के लिए नीलगाय गांव की ओर भागी, लेकिन श्रीकृष्ण मंदिर तिराहे के पास चकरोड पर गिर पड़ी। इसके बाद भी कुत्तों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और उस पर हमला करते रहे। ग्रामीणों ने शोर मचाकर कुत्तों को भगाया, लेकिन तब तक नीलगाय की मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों के अनुसार, नीलगाय गर्भवती थी। इसी कारण वह तेजी से भाग नहीं सकी और कुत्तों के झुंड की चपेट में आ गई। घटना की सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वनकर्मी मौके पर पहुंचे और जेसीबी की मदद से गड्ढा खुदवाकर मृत नीलगाय को दफना दिया।
ग्रामीण संजय, पहल सिंह आदि ने बताया कि जंगल क्षेत्र में आवारा और मांसाहारी कुत्तों के झुंड लगातार घूमते रहते हैं। ये कुत्ते जंगली जानवरों पर हमला करने के साथ ही ग्रामीणों के लिए भी खतरा बने हुए हैं। गांव के आसपास स्कूली बच्चों का भी आवागमन रहता है, जिससे किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग और संबंधित अधिकारियों से आवारा कुत्तों के झुंड पर अंकुश लगाने की मांग की है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
