

कोतवाली क्षेत्र, सीधडू गांव:
पत्नी के लिए दवा लेने क्लीनिक पर गए अनुसूचित जाति के एक व्यक्ति के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित करने और विरोध करने पर मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया।

पीड़ित मनोज कुमार, निवासी ग्राम सीधडू, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 17 अप्रैल को वह अपनी पत्नी के लिए दवा लेने गांव के एक क्लीनिक पर गया था, जहां क्लीनिक बंद मिला। इसी दौरान वहां मौजूद गांव के ही तनवीर, मुक्तियार, फगरू टेलर और गुलसनव्वर ने उसे जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित करना शुरू कर दिया।

मनोज के विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

