नर्सिंग होम में गलत ऑपरेशन का आरोप, महिला की बच्चेदानी निकालनी पड़ी

रुड़की। कोमल अल्फा नर्सिंग होम में महिला का गलत तरीके से ऑपरेशन करने और इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाते हुए परिजन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से शिकायत की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाहर से बुलाए गए एक व्यक्ति ने चिकित्सक बनकर उसकी पत्नी का ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद हालत बिगड़ने पर महिला को दूसरे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां दोबारा ऑपरेशन कर पेट में जमा मवाद साफ किया गया। संक्रमण गंभीर होने पर महिला की जान बचाने के लिए उसकी बच्चेदानी तक निकालनी पड़ी।

रामपुर निवासी तलीम पुत्र सलीम ने एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि उसकी 31 वर्षीय पत्नी फरजाना को प्रसव के लिए 16 अगस्त 2026 को कोमल अल्फा नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। शिकायत के अनुसार, वहां चिकित्सक बताने वाली साबिया परवीन ने 18 अगस्त को शाहबाज आलम नामक व्यक्ति को बाहर से बुलाकर उसकी पत्नी का ऑपरेशन कराया। इसके बाद 23 अगस्त को महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

परिजन के मुताबिक घर पहुंचने के बाद फरजाना को ऑपरेशन के टांकों वाली जगह पर परेशानी होने लगी। साथ ही सांस लेने में भी दिक्कत बढ़ गई। हालत बिगड़ने पर उसे दोबारा अस्पताल ले जाया गया, जहां 23 से 28 अगस्त तक उसका उपचार चला। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हालत में सुधार नहीं होने पर साबिया परवीन ने लापरवाही स्वीकार करते हुए महिला को हरिद्वार के एक अस्पताल में भर्ती कराने की बात कही।

सीटी स्कैन में मिला भारी संक्रमण

शिकायतकर्ता के अनुसार, हरिद्वार के अस्पताल में सीटी स्कैन कराया गया तो महिला के पेट में भारी मात्रा में मवाद मिला। संक्रमण फैलने के कारण चिकित्सकों को तत्काल दोबारा ऑपरेशन कर मवाद साफ करना पड़ा। महिला की जान बचाने के लिए उसकी बच्चेदानी भी निकालनी पड़ी।

परिजन ने शिकायत में अल्फा अस्पताल की ओर से उपलब्ध कराई गई खून की जांच रिपोर्ट को भी कथित तौर पर फर्जी बताया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।