

लक्सर। घरेलू विवाद के दौरान एक पति पर अपनी पत्नी की गर्दन पर गंडासे से जानलेवा हमला करने और पुत्र के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। महिला ने किसी तरह खुद को बचाया, लेकिन गंडासे के वार से उसकी हथेली कट गई। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर के लक्सर गांव वार्ड निवासी रिहाना का अपने पति फरीद के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। रिहाना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 17 अगस्त को वह अपने पुत्र के साथ घर पहुंची थी। आरोप है कि वहां मौजूद पति फरीद ने पहले उसकी और उसके पुत्र की पिटाई की।
महिला का आरोप है कि इसी दौरान पति ने गंडासे से उसकी गर्दन पर जान से मारने की नीयत से वार किया। रिहाना ने किसी तरह खुद को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वार उसकी हथेली पर लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोप है कि इसके बाद भी पति ने मां-बेटे के साथ मारपीट जारी रखी।
रिहाना ने बताया कि घटना के दौरान वहां मौजूद उसके ससुर ने भी उन्हें बचाने का कोई प्रयास नहीं किया। किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर वह अपने पुत्र के साथ वहां से भाग निकली और अपनी जान बचाई।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति ने दोबारा घर में आने पर उसे जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने रिहाना की तहरीर के आधार पर आरोपी फरीद के खिलाफ जानलेवा हमले समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
