खराब मौसम ने बिगाड़ी हवाई उड़ानों की रफ्तार, पांच फ्लाइट डायवर्ट

देहरादून। खराब मौसम के कारण मंगलवार को देहरादून एयरपोर्ट पर सुबह से लेकर शाम तक हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। विभिन्न शहरों से देहरादून आ रही पांच उड़ानों को चंडीगढ़, अमृतसर और दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। उड़ानों के देरी से एयरपोर्ट पहुंचने के कारण वापसी की उड़ानें भी प्रभावित रहीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सुबह करीब 9:50 बजे दिल्ली से देहरादून आने वाली इंडिगो की फ्लाइट को खराब मौसम के कारण चंडीगढ़ डायवर्ट कर दिया गया। इसके पांच मिनट बाद, 9:55 बजे मुंबई से आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट को अमृतसर भेजना पड़ा।

वहीं, सुबह 10:20 बजे दिल्ली से देहरादून आ रही एयर इंडिया की एक अन्य उड़ान को वापस दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया। इसके बाद सुबह 11 बजे मुंबई से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट को भी चंडीगढ़ भेज दिया गया। दोपहर 12:50 बजे हैदराबाद से देहरादून आने वाली फ्लाइट को भी खराब मौसम के चलते चंडीगढ़ डायवर्ट करना पड़ा।

बताया गया कि सुबह के समय देहरादून एयरपोर्ट पर दृश्यता घटकर मात्र 800 मीटर रह गई थी। कम विजिबिलिटी के कारण अधिकांश विमान एयरपोर्ट से कुछ दूरी पर आसमान में चक्कर लगाते रहे। मौसम में सुधार नहीं होने पर सुरक्षा को देखते हुए इन उड़ानों को वैकल्पिक हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट कर दिया गया।

डायवर्ट की गई कुछ उड़ानें घंटों की देरी के बाद संबंधित शहरों से वापस देहरादून पहुंचीं। उड़ानों के देरी से पहुंचने का असर वापसी की फ्लाइटों पर भी पड़ा। यात्रियों को लंबे समय तक एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।