दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप, पति ने कराया जबरन गर्भपात

रुड़की। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के अशोक नगर निवासी एक विवाहिता ने अपने पति और ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पति पर जबरन गर्भपात कराने और मौसा पर छेड़छाड़ करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप

विवाहिता ने मंगलवार को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ माह पूर्व उसकी शादी कोटद्वार निवासी एक सैन्यकर्मी से हुई थी। उसके पति वर्तमान में रुड़की में रहते हैं। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुरालियों ने दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई।

गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात कराने का आरोप

पीड़िता के अनुसार, इस दौरान वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि पति ने उसकी इच्छा के खिलाफ जबरन गर्भपात करा दिया। इसी दौरान ससुराल के मौसा पर भी उसके साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया है। विरोध करने पर पति और ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की और घर से बाहर निकाल दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

पीड़िता अपने मायके पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर विवाहिता के पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़ समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।