मायके से दूध लेकर रेस्टोरेंट लौट रही थी अंजली गुप्ता, हाथी ने गली में किया हमला


देहरादून। थानो न्याय पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत बड़ासी ग्रांट में हाथी ने एक महिला पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए देहरादून के सीएमआई अस्पताल ले गए, जहां आईसीयू में उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हाथी के हमले में महिला की कई पसलियां टूट गई थीं।
दूध लेकर लौटते समय हाथी ने बोला हमला
जानकारी के अनुसार, अंजली गुप्ता पत्नी अश्वनी गुप्ता, निवासी धनियाडी बड़ासी ग्रांट, मंगलवार शाम करीब 7:15 बजे पास में स्थित अपने मायके से दूध लेकर अपने रेस्टोरेंट की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान गली में खड़े एक हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
महिला की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के पहुंचने के बाद हाथी जंगल की ओर चला गया। गंभीर रूप से घायल अंजली को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
आईसीयू में चल रहा था उपचार
अंजली गुप्ता के छोटे भाई अखिलेश मनवाल ने बताया कि उनकी बहन धनियाडी में रहती थीं और वहीं एयरपोर्ट-रायपुर मुख्य मार्ग पर उनका रेस्टोरेंट है। मंगलवार शाम वह उनके घर से दूध लेकर रेस्टोरेंट लौट रही थीं, तभी हाथी ने उन पर हमला कर दिया।
गंभीर हालत में अंजली को सीएमआई अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें आईसीयू में रखा गया था। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद देर रात उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
