

देहरादून। झड़ीपानी में रेलवे और स्थानीय लोगों के बीच भूमि विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को रेलवे की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और 31 लोगों को 15 दिन के भीतर जमीन खाली करने के नोटिस थमा दिए। कई घरों में लोग नहीं मिले तो उनके मकानों पर नोटिस चस्पा कर दिए गए। बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ रेलवे अधिकारियों के पहुंचने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
देहरादून के सीनियर सेक्शन इंजीनियर आशु शर्मा के नेतृत्व में पहुंची रेलवे टीम ने संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए। नोटिस में कहा गया है कि कब्जाधारी 15 दिन के भीतर स्वयं भूमि खाली कर दें। ऐसा नहीं करने पर रेलवे प्रशासन की ओर से बलपूर्वक बेदखली की कार्रवाई की जाएगी। नोटिस में यह भी चेतावनी दी गई है कि बेदखली की कार्रवाई में होने वाला खर्च संबंधित कब्जाधारियों से वसूला जाएगा।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर आशु शर्मा ने बताया कि रेलवे की ओर से संबंधित लोगों को पहले भी अपना पक्ष रखने और भूमि पर अधिकार से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया था। अब तय समय सीमा में भूमि खाली नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
