सीबीएसई नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए कृष्णा सैनी का चयन

हरिद्वार। सीबीएसई क्लस्टर नॉर्थ जोन बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026-27 में कौशिक पब्लिक स्कूल, इमलीखेड़ा (हरिद्वार) के कक्षा 10 के छात्र कृष्णा सैनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने सीबीएसई नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर विद्यालय और जनपद का गौरव बढ़ाया।

देहरादून स्थित सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली मुक्केबाजों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबलों के बीच कृष्णा सैनी ने उत्कृष्ट खेल कौशल, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

विद्यालय के संस्थापक एवं अध्यक्ष मुकेश कौशिक ने छात्र को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को भी निरंतर प्रोत्साहित करता है। वहीं प्रधानाचार्य अरुण कर्णवाल ने कहा कि कृष्णा ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और नियमित अभ्यास के बल पर यह सफलता हासिल की है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित होना छात्र और विद्यालय दोनों के लिए गर्व की बात है।