स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची बिजली विभाग की टीम और ग्रामीणों में विवाद

रुड़की। रुड़की के समीप स्थित पनियाला चंदापुर गांव में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची विद्युत विभाग की टीम और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। मामला उस समय बढ़ गया जब विभाग ने बकाया बिजली बिल का हवाला देते हुए एक उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन काट दिया। इसके बाद ग्रामीण आजाद समाज पार्टी के नेता महक सिंह के नेतृत्व में गंगनहर कोतवाली पहुंचे और धरने पर बैठ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, विद्युत विभाग की टीम गांव में स्मार्ट मीटर लगाने के अभियान के तहत पहुंची थी। इसी दौरान एक घर में स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध किया गया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि संबंधित उपभोक्ता पर करीब 11 हजार रुपये का बिजली बिल बकाया था। नियमानुसार बकाया राशि के चलते उसका बिजली कनेक्शन काट दिया गया।

वहीं, घर में मौजूद कविता नाम की युवती ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान विभागीय अधिकारियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। सूचना मिलने पर उसके परिजन और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे विवाद बढ़ गया।

दूसरी ओर, विद्युत विभाग के अधिकारियों का आरोप है कि युवती के परिजनों ने टीम के साथ अभद्रता की और डंडों से हमला करने का प्रयास किया। हालांकि, आसपास मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

घटना की सूचना पर आजाद समाज पार्टी के नेता महक सिंह गांव पहुंचे और ग्रामीणों के साथ गंगनहर कोतवाली पहुंचकर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान उनकी विभागीय अधिकारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई। महक सिंह ने मौके पर ही उपभोक्ता का 11 हजार रुपये का बकाया बिल जमा कराने की बात कहते हुए तत्काल बिजली कनेक्शन बहाल करने की मांग की।

विद्युत विभाग की ओर से एसडीओ पंकज गौतम ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान विभागीय टीम के साथ अभद्रता की गई और मारपीट का प्रयास किया गया। वहीं, युवती कविता ने भी विभागीय अधिकारियों पर अभद्र व्यवहार के आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है।

एसडीओ पंकज गौतम ने बताया कि विभाग स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य कर रहा था, इसी दौरान कुछ लोगों ने टीम के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट का प्रयास किया। वहीं, गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।