खरगे के उत्तराखंड दौरे से पहले कांग्रेस निकालेगी परिवर्तन संकल्प यात्रा

देहरादून कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के उत्तराखंड दौरे से पहले प्रदेश कांग्रेस संगठन देहरादून जिले की छह विधानसभा सीटों पर परिवर्तन संकल्प यात्रा निकालकर चुनावी माहौल बनाने की तैयारी में जुट गया है। पार्टी ने दूसरे चरण के तहत विकासनगर, सहसपुर, कैंट, धर्मपुर, राजपुर और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रमों की तिथियां तय कर दी हैं।

प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में 2 से 4 अगस्त तक विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में परिवर्तन संकल्प यात्रा आयोजित की जाएगी। इसके बाद 8 अगस्त को हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे कार्यकर्ताओं की विशाल रैली को संबोधित कर चुनावी शंखनाद करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों में पार्टी के वरिष्ठ नेता जुट गए हैं।

प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने बताया कि 2 अगस्त को विकासनगर और सहसपुर विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, सीडब्ल्यूसी सदस्य करन माहरा, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत तथा उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी करेंगे।

3 अगस्त को कैंट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों में होने वाली यात्रा में प्रीतम सिंह, करन माहरा और डॉ. हरक सिंह रावत शामिल रहेंगे। वहीं 4 अगस्त को राजपुर और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह, करन माहरा और डॉ. हरक सिंह रावत करेंगे।

प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के निधन के कारण 5 अगस्त को रायपुर और डोईवाला विधानसभा क्षेत्रों में प्रस्तावित परिवर्तन संकल्प यात्रा के कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। कांग्रेस का कहना है कि इन कार्यक्रमों की नई तिथि बाद में घोषित की जाएगी।