


देहरादून। बसंत विहार थाना क्षेत्र में धर्म प्रचार और कथित रूप से प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के आरोप का मामला सामने आया है। इस संबंध में स्थानीय लोगों और एक संगठन के पदाधिकारियों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार, कांवली माड़ी क्षेत्र में दो महिलाएं — सीतापुरी निवासी बनियावाला और सुमित्रा निवासी कांवली गांव — घर-घर जाकर ईसाई धर्म का प्रचार कर रही थीं। आरोप है कि वे हिंदू महिलाओं को धर्म परिवर्तन के लिए कथित तौर पर प्रलोभन भी दे रही थीं।

स्थानीय निवासी दीपक कुमार ने इसकी सूचना संगठन के कार्यकर्ता इंद्रजीत को दी, जिसके बाद संगठन से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे। आरोप है कि मौके पर दोनों महिलाएं लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के फायदे बता रही थीं।
इस दौरान डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों महिलाएं वहां से जा चुकी थीं। बाद में पुलिस ने विकास मॉल क्षेत्र से दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर बसंत विहार थाने पहुंचाया।
मामले में प्रार्थी कुलदीप स्वेडिया, संस्थापक अध्यक्ष वीर सावरकर संगठन, ने तहरीर देकर मांग की है कि दोनों महिलाओं के खिलाफ उत्तराखंड धर्मांतरण विरोधी कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
थाना प्रभारी शेंकी कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सभी पक्षों से पूछताछ और तथ्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
