यूकेएसएसएससी ने बदलीं दो भर्ती परीक्षाओं की तिथियां, संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने समूह-ग की दो भर्ती परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव करते हुए चार भर्ती परीक्षाओं का संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी किया है। आयोग के सचिव एन.एस. डुंगरियाल द्वारा जारी सूचना के अनुसार, कनिष्ठ सहायक एवं वैयक्तिक सहायक भर्ती परीक्षा अब 23 अगस्त को प्रदेशभर में आयोजित की जाएगी। इसी दिन सहायक लेखाकार भर्ती परीक्षा भी प्रस्तावित है। वहीं, पशुधन प्रसार अधिकारी भर्ती परीक्षा, जो पहले 12 जुलाई को निर्धारित थी, अब 6 सितंबर को आयोजित होगी। इसके अलावा, विशेष तकनीकी अर्हता वाले पदों की भर्ती परीक्षा, जो 28 जून को प्रस्तावित थी, अब 14 सितंबर को कराई जाएगी। आयोग ने संशोधित कार्यक्रम के अनुसार तैयारियां भी शुरू कर दी हैं।

इधर, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने लोअर पीसीएस-2024 के साक्षात्कार की तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि साक्षात्कार जुलाई के दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित हैं। विस्तृत साक्षात्कार कार्यक्रम और संबंधित विज्ञप्ति आयोग की वेबसाइट पर अलग से जारी की जाएगी। साथ ही, विभिन्न कारणों से अभिलेख सत्यापन में उपस्थित नहीं हो सके अभ्यर्थियों को राहत देते हुए आयोग ने उन्हें डाक के माध्यम से अपने अभिलेख भेजने की अनुमति दी है।

उधर, राज्य लोक सेवा आयोग ने महिला एवं बाल विकास विभाग में अधीक्षिका भर्ती परीक्षा का अंतिम चयन परिणाम भी घोषित कर दिया है। आयोग ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों के प्राप्तांक भी शीघ्र जारी किए जाएंगे।