सत्ता का अहंकार सिर चढ़कर बोल रहा

दलेर मेहंदी के अपमान पर भड़कीं पूजा गुप्ता

रुड़की। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की ओर से पंजाबी गायक दलेर मेहंदी को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर राजनीतिक विवाद गहराने लगा है। वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री पूजा गुप्ता ने इस मामले में कड़ी नाराजगी जताते हुए मंत्री के बयान की घोर निंदा की है। उन्होंने कहा कि देश के लोकप्रिय गायक के प्रति इस तरह की टिप्पणी करना बेहद निंदनीय है और इससे पंजाबी व सिख समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।

प्रेस को जारी विज्ञप्ति में पूजा गुप्ता ने कहा कि दलेर मेहंदी अपनी अलग पहचान, गायकी और जीवनशैली के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि दलेर मेहंदी ने अपने जीवन में कभी शराब को हाथ तक नहीं लगाया। ऐसे में उनके खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है। पूजा गुप्ता ने आरोप लगाया कि इस तरह की बयानबाजी सत्ता पक्ष के नेताओं के अहंकार और असंवेदनशीलता को दर्शाती है।

कांग्रेस नेत्री ने मांग की कि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल सार्वजनिक रूप से सामने आकर दलेर मेहंदी से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि मंत्री को सोशल मीडिया के माध्यम से भी अपनी गलती स्वीकार करते हुए देश के प्रसिद्ध गायक से माफी मांगनी चाहिए। उनके मुताबिक, किसी कलाकार के सम्मान और प्रतिष्ठा से जुड़ा मामला हल्के में नहीं लिया जा सकता।

पूजा गुप्ता ने कहा कि सत्ता का रुतबा और अहंकार जब इंसान पर हावी हो जाता है, तो उसे जनता की भावनाओं का एहसास नहीं रहता। उन्होंने दावा किया कि मंत्री की टिप्पणी को लेकर देशभर में नाराजगी है और कांग्रेस इस मामले को गंभीरता से ले रही है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जनता हर बात पर नजर रख रही है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को इसका राजनीतिक जवाब मिल सकता है। पूजा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस कथित अपमान की घोर निंदा करती है और दलेर मेहंदी के सम्मान में सार्वजनिक माफी की मांग पर कायम है।