


पिथौरागढ़। जिले की दारमा घाटी को जोड़ने वाली सोबला-ढाकर सड़क पर शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। पंगबावे क्षेत्र के पास पंचाचूली दर्शन कर लौट रहे यात्रियों की जीप पर अचानक पहाड़ी दरकने से भारी बोल्डर और मलबा गिर गया। हादसे में जीप चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार जीप में चालक सहित कुल पांच लोग सवार थे। पंचाचूली क्षेत्र से लौटते समय पंगबावे के निकट अचानक पहाड़ी का एक हिस्सा टूटकर वाहन पर आ गिरा। बोल्डरों की चपेट में आने से जीप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय लोगों और राहत दलों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे और बोल्डरों के बीच फंसे घायलों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धारचूला पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हादसे के कारण सोबला-ढाकर सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की टीम मौके के लिए रवाना हो गई। राहत एवं बचाव कार्य जारी है तथा सड़क से मलबा हटाने का काम भी शुरू कर दिया गया है।
प्रशासन द्वारा मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है।
