

लक्सर/देहरादून:
रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसे में चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहा एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। संतुलन बिगड़ने के कारण वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गया, जिससे उसका एक हाथ शरीर से अलग हो गया।

घायल युवक की पहचान दीपक यादव के रूप में हुई है, जो बिहार के सीतामढ़ी का निवासी है। वह किसी कार्य से देहरादून आया था और रविवार को वापस अपने घर लौट रहा था।

जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय दीपक सूबेदारगंज एक्सप्रेस से लक्सर स्टेशन पहुंचा। यहां से उसे सीतामढ़ी जाने के लिए अंत्योदय एक्सप्रेस ट्रेन पकड़नी थी। ट्रेन में अत्यधिक भीड़ होने के कारण वह समय पर उसमें सवार नहीं हो सका।
इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी, जिसके बाद उसने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की। इस प्रयास में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म और ट्रैक के बीच गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका एक हाथ कट गया।
घटना के तुरंत बाद रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है।

