


रुड़की। जीआरपी रुड़की ने ईमानदारी और तत्परता का परिचय देते हुए एक यात्री का खोया हुआ मोबाइल फोन खोजकर उसे वापस सौंप दिया। मोबाइल मिलने के बाद यात्री ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को गाड़ी संख्या 13152 जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस के रेलवे स्टेशन रुड़की पहुंचने पर प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात जीआरपी कर्मियों को एक ग्रे रंग का रियलमी मोबाइल फोन लावारिस अवस्था में मिला। पुलिसकर्मी मोबाइल को सुरक्षित रूप से जीआरपी चौकी ले आए और उसके वास्तविक मालिक की तलाश शुरू कर दी।

मोबाइल में उपलब्ध जानकारी और संपर्क नंबरों के आधार पर पुलिस ने उसके स्वामी की पहचान मोहम्मद आसिफ पुत्र मोहम्मद शफी निवासी पटना, थाना ज्वालापुर, जिला किश्तवाड़ (जम्मू-कश्मीर) के रूप में की। आसिफ अपने साथियों के साथ जम्मू-कश्मीर से कलियर शरीफ में जियारत के लिए आया हुआ था।
जीआरपी ने तत्काल उससे संपर्क कर चौकी बुलाया। आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद करीब 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन उसे सौंप दिया गया। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर आसिफ बेहद खुश दिखाई दिया और उसने जीआरपी रुड़की की ईमानदारी तथा त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा की।
जीआरपी अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ उनकी खोई हुई वस्तुओं को सही मालिक तक पहुंचाना भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, जिसे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाया जा रहा है।
इस सराहनीय कार्य में एडीएसआई गिरीश चंद्र उनियाल, हेड कांस्टेबल ओमपाल सिंह, हेड कांस्टेबल अनिरुद्ध त्यागी, आशीष कुमार, कांस्टेबल अजय कुमार, चंद्रकिरण, सन्नी कुमार, ममता और सोनम शामिल रहे।
