उत्तराखंड मिशन पर भाजपा, लगातार बड़े नेताओं के दौरे से संगठन में नई ऊर्जा

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड में पूरी ताकत झोंकती नजर आ रही है। पार्टी राज्य को राजनीतिक रूप से बेहद अहम मानते हुए संगठनात्मक मजबूती और बूथ स्तर तक पकड़ मजबूत करने में जुटी है। पिछले कुछ महीनों में प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, रक्षा मंत्री से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक के लगातार दौरे इसी रणनीति का हिस्सा माने जा रहे हैं। इन दौरों से कार्यकर्ताओं में लगातार नया उत्साह देखने को मिल रहा है।

पिछले वर्ष नवंबर में प्रधानमंत्री Narendra Modi राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित रजत जयंती समारोह में देहरादून पहुंचे थे। इसके बाद फरवरी में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और पूर्व भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष Jagat Prakash Nadda की अध्यक्षता में भाजपा कोर कमेटी की बैठक आयोजित हुई।

मार्च महीने में केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah ने हरिद्वार में कार्यक्रम किया, जबकि रक्षा मंत्री Rajnath Singh हल्द्वानी पहुंचे। 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस वे का उद्घाटन किया और जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री Nitin Gadkari ने भी राज्य से जुड़ी सड़क परियोजनाओं और योजनाओं की जानकारी साझा की।

अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष Nitin Navin उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे हैं। वे कोर कमेटी, कैबिनेट मंत्रियों और संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे। इसके साथ ही बूथ स्तर तक संगठनात्मक समीक्षा कर कार्यकर्ताओं को चुनावी रणनीति और जीत का मंत्र देंगे। भाजपा लंबे समय से “बूथ जीतो, चुनाव जीतो” की रणनीति पर काम कर रही है और संगठन की कमजोरियों को दूर करने के साथ मजबूत क्षेत्रों को और सुदृढ़ करने पर फोकस कर रही है।

हाल ही में प्रदेश मंत्रिमंडल का विस्तार भी किया गया है। इसके जरिए पार्टी ने विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश की है। इसके अलावा करीब 80 नए दायित्वधारियों की नियुक्ति कर संगठन ने कार्यकर्ताओं को सक्रिय भागीदारी और महत्व का संदेश देने का प्रयास किया है।