


मंगलौर। विधानसभा क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में फैली अव्यवस्थाओं और स्टाफ की कार्यशैली पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिद्वार ने कड़ा रुख अपनाया है। विधायक के औचक निरीक्षण में सामने आई गंभीर खामियों के बाद सीएमओ ने केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ओर से जारी पत्र के अनुसार हाल ही में मंगलौर विधायक ने सीएचसी का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाएं बेहद खराब मिलीं, जिस पर विधायक ने नाराजगी जताई। निरीक्षण रिपोर्ट में अस्पताल में कई गंभीर कमियां उजागर हुईं।

रिपोर्ट के मुताबिक चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाह पाया गया। मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ स्टाफ का व्यवहार भी संतोषजनक नहीं मिला। वहीं अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पाई गई, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है।
सीएमओ ने पत्र में स्पष्ट किया कि पूर्व में भी सभी चिकित्सा अधीक्षकों को मौखिक और लिखित रूप से व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद मंगलौर सीएचसी में हालात नहीं सुधरे। इसे गंभीर लापरवाही माना गया है।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छता व्यवस्था में तत्काल सुधार कर कार्रवाई रिपोर्ट कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
