


टिहरी। घूमेटीधार के पास एक वाहन में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, चालक खुर्शीद (निवासी मंगलौर, हरिद्वार) गंगोत्री-यमुनोत्री से यात्रियों को लेकर केदारनाथ की ओर जा रहा था। रास्ते में घनसाली क्षेत्र में वाहन में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद यात्रियों को दूसरी गाड़ी से भेज दिया गया। चालक खराब वाहन को ठीक कराने के लिए चंबा ले जा रहा था।

घूमेटीधार के पास पिकअप चालक द्वारा वाहन ले जाने से मना करने पर गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया। इसी दौरान करीब दोपहर 2:15 बजे अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण वाहन में आग लग गई।
घटना के समय चालक वाहन से बाहर था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया।
