गुलदार के खतरे से 12 स्कूलों में दो दिन की छुट्टी, ऑनलाइन पढ़ाई के निर्देश

पौड़ी मुख्यालय से सटे गुलदार प्रभावित बमठी गांव सहित चरधार संकुल के 12 विद्यालयों में छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए 24 और 25 अप्रैल को अवकाश घोषित किया गया है। अब सभी विद्यालय सोमवार को पुनः खुलेंगे।

खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) मास्टर आदर्श द्वारा जारी आदेश के अनुसार, क्षेत्र में गुलदार की बढ़ती गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचाव किया जा सके।

अवकाश के दौरान छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए शिक्षकों को ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिन विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है, उनमें राउप्रावि व प्रावि गिरगांव, राउप्रावि व प्रावि छतकोट, राइंका क्यार्क, प्रावि चरधार, प्रावि ओणी, प्रावि बमठी, प्रावि केसुंदर, प्रावि सिरोली, सचकिलो और जू.हा भगतराम न्यू मॉडर्न सत्यखाल शामिल हैं।

प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को अकेले बाहर न भेजें और सतर्कता बरतें।