कांगड़ी गांव में कुआं खुदाई के दौरान मिट्टी धंसी, बुजुर्ग मलबे में दबे

Haridwar: कांगड़ी ग्राम पंचायत में हैंडपंप के लिए कुआं खोदते समय बड़ा हादसा हो गया। मिट्टी की भारी ढांग गिरने से एक बुजुर्ग मलबे में दब गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मिली जानकारी के अनुसार, कांगड़ी निवासी मनोहर पुत्र पूर्ण सिंह अपने घर के पास हैंडपंप लगवाने के लिए कुआं खुदवा रहे थे। बताया जा रहा है कि वह करीब 25 फीट गहरे गड्ढे में उतरकर पाइप सेट कर रहे थे, तभी अचानक ऊपर से मिट्टी भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। देखते ही देखते वे पूरी तरह मलबे में दब गए।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही श्यामपुर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बचाव अभियान शुरू किया।

प्रशासन की टीम बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मौके पर मिट्टी हटाने का काम जारी है और हर संभव संसाधन लगाए जा रहे हैं।