

रुड़की:
सीबीएसई कक्षा 10वीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रुड़की में चावला ट्रेडर्स द्वारा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों को उपहार देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम के संयोजक कमल चावला ने अपने संबोधन में कहा कि मेहनत, लगन और अनुशासन ही सफलता की असली कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने की सलाह दी और कहा कि बढ़ती प्रतिस्पर्धा के इस दौर में निरंतर अभ्यास और समर्पण बेहद आवश्यक है।

उन्होंने अभिभावकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बच्चों की सफलता में परिवार का सहयोग अहम होता है। कमल चावला ने बताया कि इस बार कार्यक्रम सीमित स्तर पर आयोजित किया गया, जिसमें परिवार से जुड़े कुछ बच्चों को ही सम्मानित किया गया है। भविष्य में इसे बड़े स्तर पर आयोजित करने की योजना है, ताकि अधिक से अधिक प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया जा सके।
सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में संभव, अभिनव, हार्दिका और अरहान प्रमुख रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों का उत्साहवर्धन करना और अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर कई गणमान्य लोग और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और इस पहल की सराहना की।

