

मुंडाखेड़ा कलां गांव में बीती 20 फरवरी की रात अज्ञात चोरों ने एक किसान के खेत तक जा रही एबीसी विद्युत तार चोरी कर ली। इस घटना से किसान के साथ-साथ ऊर्जा निगम को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

ऊर्जा निगम के जूनियर इंजीनियर अश्वनी कुमार ने मामले में तहरीर देते हुए बताया कि गांव निवासी महेंद्र सिंह के खेत में करीब 290 मीटर लंबी विद्युत तार लगी हुई थी, जिसे चोर रात के समय काटकर ले गए। चोरी की इस वारदात से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।

वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

