


देहरादून। चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत प्रदेश में मतदाता गणना फॉर्म वितरण का कार्य तेजी से जारी है। सोमवार शाम चार बजे तक राज्य में 88.48 प्रतिशत गणना फॉर्म मतदाताओं को वितरित किए जा चुके हैं। अब निर्वाचन विभाग ने सभी जिलों को फॉर्म के डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को सचिवालय में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने सभी जिलाधिकारियों के साथ एसआईआर अभियान की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों की सराहना की गई और उन्हें दूसरे चरण में गणना फॉर्म के डिजिटाइजेशन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

बैठक में उन जिलों की भी समीक्षा की गई जहां फॉर्म वितरण का कार्य राज्य के औसत से कम है। ऐसे विधानसभा क्षेत्रों और मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाकर गणना फॉर्म वितरण और डिजिटाइजेशन कार्य को गति देने के लिए अतिरिक्त मोबाइल टीमों की तैनाती के निर्देश दिए गए।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिन क्षेत्रों में ऑनलाइन गणना फॉर्म भरने की संख्या कम है, वहां व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और मतदाताओं को ऑनलाइन प्रक्रिया अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए। नेटवर्क विहीन और दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल एवं आईटी टीमों को भेजकर बीएलओ को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इसके अलावा सभी जिलों में बीएलओ एप के नए मॉड्यूल्स का प्रशिक्षण 10 से 12 बीएलओ के छोटे-छोटे समूहों में आयोजित करने को कहा गया है, ताकि कार्य की गुणवत्ता और गति दोनों बढ़ाई जा सके।
डॉ. जोगदंडे ने प्रदेश के मतदाताओं से अपील की है कि वे गणना फॉर्म के साथ अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो बीएलओ को उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि 7 जुलाई तक चलने वाले घर-घर संपर्क अभियान के दौरान मतदाताओं को गणना फॉर्म के साथ कोई अन्य दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं होगी।
सहायता और जानकारी के लिए मतदाता टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त राज्य स्तर पर 180033001950 नंबर पर भी कॉल कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
निर्वाचन विभाग का लक्ष्य निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत गणना फॉर्म वितरण और डिजिटाइजेशन सुनिश्चित कर मतदाता सूची को और अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाना है।
