नीट परीक्षा की तैयारी कर रही युवती ने फांसी लगाकर दी जान, सुसाइड नोट बरामद

देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र में एक 23 वर्षीय युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती की पहचान रिया कुमारी के रूप में हुई है, जो नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रिया कुमारी ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पढ़ाई में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने के कारण युवती के हताश होने की बात सामने आई है। हालांकि, आत्महत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।