नैनीताल में झील में गिरी पर्यटकों की कार, चारों सवार सुरक्षित

नैनीताल। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से नैनीताल घूमने आए पर्यटकों की एक कार सोमवार शाम अनियंत्रित होकर सरिताताल झील में जा गिरी। हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे। स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार, यूपी-21-सीसी-1213 नंबर की कार में मुरादाबाद निवासी आलम और बुलंदशहर निवासी उमेर अपनी दो महिला मित्रों के साथ नैनीताल घूमने आए थे। सोमवार शाम कार कालाढूंगी रोड पर नैनीताल से मुरादाबाद की ओर जा रही थी।

स्थानीय निवासी अभय बवाड़ी ने बताया कि जैसे ही वाहन सरिताताल क्षेत्र में पहुंचा, चालक का कार से नियंत्रण हट गया। इसके बाद कार सड़क से नीचे खाई की ओर लुढ़कते हुए सरिताताल झील में जा गिरी।

हादसे के बाद कार में सवार कुछ लोग स्वयं बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि दो अन्य लोगों को स्थानीय नागरिकों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल राहत कार्य शुरू किया गया।

सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी पर्यटक वहां से जा चुके थे। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

मंगोली चौकी प्रभारी राधिका भंडारी ने बताया कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। पुलिस की निगरानी में झील में गिरी कार को बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि समय रहते मदद मिलने से बड़ा हादसा टल गया। यदि कार झील में अधिक गहराई तक चली जाती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।